सूर्यकुमार यादव ने तोड़ा धोनी और गंभीर का रिकॉर्ड

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकमार यादव ने अमेरिका के खिलाफ बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने एमएस धोनी और गौतम गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

न्यूज़डेस्क टीम
2 min read
suryakumaryadav
suryakumaryadav

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकमार यादव ने शनिवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका के खिलाफ मुश्किल हालात में कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और चार सिक्स शामिल हैं। सूर्या ने 36 गेंदों में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 25वां अर्धशतक पूरा किया था। वह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। सूर्या ने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी और पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ डाला है। गंभीर फिलहाल टीम इंडिया के हेड कोच हैं।

सूर्यकुमार के खाते में अभी टूर्नामेंट में 19 मैचों में 564 रन हैं। धोनी ने टी20 वर्ल्ड कप में 33 मुकाबलों में 529 रन जुटाए। गंभीर ने 21 मैचों में 524 रन जोड़े। उनके निशाने पर अब पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह का रिकॉर्ड होगा। युवराज ने 31 मुकाबलों में 593 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। उन्होंने 35 मैचों में 1292 रन जोड़े। रोहित शर्मा 47 मुकाबलों में 1220 रनों के साथ दूसरे पायदान पर हैं। कुल चार प्लेयर ही टूर्नामेंट में एक हजार का आंकड़ा पार सके हैं। 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद कोहली और रोहित ने टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कहा।

T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

  1. 1292 - विराट कोहली
  2. 1220- रोहित शर्मा
  3. 593 - युवराज सिंह
  4. 564 - सूर्यकुमार यादव
  5. 529 - एमएस धोनी
  6. 524 - गौतम गंभीर

सूर्या की पारी के दम पर भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 161/9 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। अमेरिका के खिलाफ टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा दूसरे ओवर में गोल्डन डक का शिकार हुए। ईशन किशन (20) और तिलक वर्मा (25) बड़ी पारी नहीं खेल पाए। शिवम दुबे का खाता नहीं जबकि रिंकू सिंह (6) और हार्दिक पांड्या (6) दहाई अंक में नहीं पहुंचे। भारत ने 77 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे लेकिन सूर्यकुमार ने बखूबी मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने उपकप्तान अक्षर पटेल (14) के साथ सातवें विकेट के लिए 41 रनों की अहम साझेदारी की। उन्होंने आखिरी ओवर में दो चौके और दो छक्के लगाए।

 

Postman Cartoon

हमारी कहानियों के ईमेल अलर्ट पाने के लिए साइन-अप करें.

हम आपके इनबॉक्स का सम्मान करते हैं, इसलिए हम आपको हफ्ते में सिर्फ अपनी चुनिंदा कहानियों से जुड़ी ईमेल ही भेजेंगे

Facebook
X
WhatsApp
Instagram

और पढ़ें +

The Top Five